ऊना/सुशील पंडित: जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डीआईईटी) ऊना द्वारा प्रधानमंत्री श्रृंखला विद्यालयों के 106 शिक्षकों के लिए पाँच दिवसीय क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार को जिला परिषद बैठक हॉल ऊना में आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को विद्यालय स्तर पर आपदा प्रबंधन, सुरक्षा उपायों और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के प्रति सक्षम एवं जागरूक बनाना है।
कार्यक्रम के अंतर्गत जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ऊना के प्रमुख संसाधन व्यक्ति एवं वक्ता राजन शर्मा ने आपदा प्रबंधन एवं जलवायु परिवर्तन विषय पर जानकारी दी। साथ ही उन्होंने विद्यालय आपदा प्रबंधन योजना, विद्यालय सुरक्षित एप्लिकेशन, आपदा प्रबंधन के मूलभूत तत्व, विद्यालय आपदा प्रबंधन समिति के गठन एवं उसकी भूमिका पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इसके अतिरिक्त भूकंप एवं अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन निकासी अभ्यास, ड्रॉप–कवर–होल्ड गतिविधियों तथा प्रत्येक विद्यालय में नियमित रूप से मॉक ड्रिल आयोजित करने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आपदा के समय त्वरित और सही प्रतिक्रिया ही जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती है, जिसके लिए शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर उप निदेशक, विद्यालय शिक्षा (गुणवत्ता) सह जिला परियोजना अधिकारी (समग्र शिक्षा) नीलम कुमारी, डीआईईटी के अधिकारी, प्रशिक्षण एवं तकनीकी कर्मचारी भी उपस्थित रहे।