बूंदी: बाइक पर जा रहे दो मेडिकल स्टूडेंट को रोडवेज बस ने कुचल दिया। हादसा रविवार सुबह करीब 9 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र में बाइपास रोड पर हुआ। हादसे में एक स्टूडेंट की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। शाम करीब 4 बजे कलेक्टर से बातचीत में कई मांगों पर सहमति बनने के बाद धरना खत्म हो गया। छात्र के रूममेट विकास ने बताया कि MBBS फर्स्ट ईयर के स्टूडेंट लोमश जांगिड़ (21) पुत्र निरंजन जांगिड़ निवासी केलवाड़ा (बारां) को किसी काम से जयपुर जाना था।
कॉलेज के बाहर बस स्टॉप नहीं होने के कारण वह मेडिकल कॉलेज के ही दूसरे छात्र अलवीश गौरी निवासी बूंदी के साथ बाइक पर जयपुर की बस पकड़ने के लिए बूंदी जा रहा था। हादसे के बाद गुस्साएं मेडिकल कॉलेज के स्टूडेंट जिला अस्पताल के सामने रास्ता जाम कर सड़क पर बैठ गए और प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने मृतक छात्र के परिजनों को 5 करोड़ मुआवजा देने और एक सदस्य को सरकारी नौकरी की मांग रखी। विकास ने बताया कि बाइपास रोड पर नवलसागर पार्क के पास पीछे से आई रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में लोमश और अलवीश गंभीर रूप से घायल हो गए।
कुछ देर बाद कॉलेज के ही छात्र दीपक और विक्रम वहां से गुजरे तो दोनों सड़क पर घायल हालत में पडे़ मिले। विकास ने बताया कि दीपक और विक्रम ने दोनों को बाइक पर बैठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद लोमश को मृत घोषित कर दिया। लोमश MBBS फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट था। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। हादसे की जानकारी मिलने पर मेडिकल कॉलेज के छात्र जिला अस्पताल पहुंचे और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
