बिजनेसः नए साल की शुरुआत भारतीय शेयर बाजार ने सुस्त लेकिन सकारात्मक रुख के साथ की है। शेयर बाजार में 2 जनवरी को तेजी दिखी। सेंसेक्स 150 अंक से ज्यादा चढ़कर 85,350 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में भी करीब 50 अंक की तेजी है। ये 26,200 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
GIFT निफ्टी (पहले SGX निफ्टी) ने शुक्रवार सुबह हल्की मजबूती दिखाई। इससे पहले GIFT निफ्टी 26,314 पर था, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद से 23 अंक ऊपर है। पहले कारोबारी दिन गुरुवार को बाजार मिश्रित रुख के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 32 अंक या 0.04% की गिरावट के साथ 85,188.60 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50 में मामूली 17 अंकों की बढ़त रही और यह 26,146.55 पर बंद हुआ। वैश्विक छुट्टियों और नए संकेतों की कमी के चलते निवेशकों का फोकस चुनिंदा शेयरों पर ही बना रहा।
तकनीकी विश्लेषकों के अनुसार निफ्टी अभी स्पष्ट रूप से बुलिश ट्रेंड में नहीं है, हालांकि बैंक निफ्टी में ब्रेकआउट के संकेत मिल चुके हैं। मौजूदा रिकवरी निकट अवधि में जारी रह सकती है। ऊपरी स्तर पर 26,315 निफ्टी के लिए अहम रेजिस्टेंस रहेगा, जबकि 26,100 का स्तर शुरुआती सपोर्ट के रूप में काम कर सकता है। आने वाले कुछ सत्र बाजार की दिशा तय करने में अहम होंगे। बाजार में डर का पैमाना माने जाने वाला इंडिया VIX 3.06% गिरकर 9.18 पर आ गया है, जो निवेशकों के बीच फिलहाल स्थिरता और कम घबराहट का संकेत देता है।
आने वाले दिनों में बाजार की दिशा तय करने में Q3 कंपनियों के नतीजे, बजट को लेकर उम्मीदें और वैश्विक संकेत खासकर भारत-अमेरिका ट्रेड डील और फेडरल रिजर्व की संभावित नीतिगत चाल अहम भूमिका निभाएंगे। विश्लेषकों का मानना है कि 2026 में भी कमाई की ग्रोथ ही बाजार की असली ड्राइवर बनी रहेगी।