नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली से हत्या का एक और मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक ललित कुमार नाम का व्यक्ति कल मंगोलपुरी थाने आया और बताया कि उसने अपने भाई जय किशन की हत्या कर दी है। मृतक की उम्र 23 वर्ष थी। पुलिस को आरोपी ने बताया कि उसने लाश को पार्क में फेंक दिया है। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ललित के भाई जय किशन का शव चादर में लिपटी हुई अवस्था में बरामद कर लिया, लेकिन आरोपी ने आगे कुछ और चौंकाने वाली बातें बताईं।
ललित ने पुलिस को बताया कि उसका भाई जय किशन नशे का आदी था और परिवार से झगड़ा करता था। उसने मां पर भी हाथ उठाया था, जिसके चलते 13 दिसंबर को उसने अपने भाई के सिर पर हथौड़े से हमला किया जिसमें उसकी मौत हो गई। आरोपी के मुताबिक उसने अपने भाई के शव को घर के पलंग के नीचे छिपा दिया। बाद में उसने अपने पिता के साथ मिलकर लाश को ठिकाने लगाने की कोशिश की, लेकिन वह असफल रहा। उसने घर में ही करीब 2 दिनों तक डेड बॉडी को छिपाकर रखा। जब वह लाश को ठिकाने नहीं लगा पाया, तो उसने चादर में लपेटकर पार्क में फेंक दिया और पुलिस को जाकर सब कुछ बता दिया। पुलिस ने आरोपी ललित और उसके पिता ओम प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वह हथौड़ा भी बरामद कर लिया है, जिससे ललित ने जय किशन को मारा था. चाकू भी बरामद कर लिया गया है।