नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी की मां हेमवंती देवी का 89 साल की उम्र में शनिवार को निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थीं। बताया जा रहा है कि उन्होंने बिहार के गोपालगंज जिले के बेलसंड गांव स्थित अपने घर पर ही अंतिम सांस ली। मां के अंतिम समय में पंकज त्रिपाठी खुद उनके पास मौजूद थे। परिवार के सभी सदस्य इस दौरान गांव में ही थे।
परिवार का बयान आया सामने
त्रिपाठी परिवार की ओर से एक बयान जारी किया गया, जिसमें कहा गया “हमें बहुत दुख के साथ बताना पड़ रहा है कि हेमवंती देवी का निधन हो गया है। वह 89 वर्ष की थीं और कुछ समय से अस्वस्थ थीं। उन्होंने अपने परिवार के बीच नींद में शांतिपूर्वक अंतिम सांस ली। पंकज त्रिपाठी उस समय उनके साथ थे।” परिवार ने सभी से इस कठिन समय में निजता बनाए रखने की अपील की है और कहा कि सभी लोग उनकी मां को अपनी प्रार्थनाओं और यादों में शामिल करें।
गांव में हुआ अंतिम संस्कार
हेमवंती देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को बेलसंड गांव में किया गया। इस दौरान परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और करीबी दोस्त मौजूद रहे। अंतिम संस्कार पूरी सादगी और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। परिवार ने लोगों से अपील की है कि वे इस दुख की घड़ी में उनकी निजता का सम्मान करें और शांति से शोक व्यक्त करने का अवसर दें।
मां के साथ गहरा रिश्ता रखते थे पंकज त्रिपाठी
पंकज त्रिपाठी हमेशा अपनी मां के बेहद करीब रहे हैं। कई इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उनकी मां ने ही उन्हें अनुशासन, विनम्रता और दया जैसे संस्कार सिखाए।