नई दिल्ली : मध्य प्रदेश के श्योपुर में शनिवार को अचानक आए तूफान के कारण एक नाव नदी में पलट गई। नाव में सवार 11 यात्री नदी में डूब गए, लेकिन उनमें से 4 तैरकर किनारे आ गए। वहीं 3 बच्चों समेत 7 लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के साथ एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और शवों को बरामद किया। वहीं सीएम डॉ. मोहन यादव ने नाव हादसे पर दुख जताया है और मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर को घटनास्थल के लिए रवाना होने के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक मानपुर थाना क्षेत्र के जैनी के क्षेत्रपाल बाबा के स्थान पर प्रसादी कार्यक्रम में शामिल होने आए विजारपुर गांव के 11 लोग नाव में सवार होकर सीप नदी पार कर सरोदा गांव अपने रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। तभी तेज आंधी आई और नाव अनियंत्रित होकर नदी में पलट गई। नाव में सवार 4 लोग किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए। ये सभी बड़ौदा के विजरापुर के रहने वाले हैं। प्रशासन ने नाव हादसे में 7 लोगों की मौत की पुष्टि की है, जिसमें 25 साल के परशुराम, 16 साल के आरती, 15 साल के लाली, 4 साल के भूपेंद्र, 10 साल के श्याम, 8 साल के रविंद्र और 23 साल के परवंता शामिल हैं।
श्योपुर कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने बताया कि सरोदा गांव में अचानक आए तूफान के कारण सीप नदी में भंवर बन गया और नाव पलट गई। जिसमें 7 लोगों की डूबने से मौत हो गई। जिनके शव रेस्क्यू टीम ने बरामद कर लिए हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। प्रशासन पूरी तरह से मृतकों के परिवार के साथ खड़ा है। हादसे के पीड़ितों की हर संभव मदद की जाएगी।
