-प्रेस-पुलिस व हिमोत्कर्ष करेगा आयोजन
-समाजसेवी संस्थाएं भी करेंगी सहयोग
ऊना/सुशील पंडित:प्रदेश की अग्रणी समाजसेवी संस्था हिमोत्कर्ष, प्रेस क्लब ऊना एवं पुलिस विभाग के तत्वाधान में विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग से एक फरवरी 2024 को रक्तदान शिविर का आयोजन पुलिस लाईन झलेड़ा में होगा। जिसमें पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। यह जानकारी संस्था के जिलाध्यक्ष कर्णपाल मनकोटिया, रक्तदान शिविर के प्रभारी मणि कुमार सरोआ व संयोजक विकास कौंडल ने दी। उन्होंने बताया कि हिमोत्कर्ष संस्था के संस्थापक स्व. कंवर हरि सिंह के जन्मदिन पर संस्था द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिसमें रक्तदान करने वाली जिला की विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं का भी सहयोग रहेगा। जिनमें इंडियन हेल्पिंग हैंड्स, ब्रिंग स्माईल संस्था, ब्लड लॉयंस एंड सोशल वेल्फेयर समिति ऊना, प्रेस क्लब ऊना, ठाकुरद्वारा आई कमेटी पूबोवाल, ब्लड सर्विस ऊना, जनहित मोर्चा ऊना, रोटरी क्लब ग्रेटर ऊना आदि संस्थाएं सहयोग करेंगी। कर्णपाल मनकोटिया ने बताया कि स्व. कंवर हरि सिंह के नेतृत्व में संस्था प्रदेश में विभिन्न सामाजिक कार्यों का निर्वहन कर रही है। 80 के दशक में कंवर हरि सिंह के नेतृत्व में ही क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में जिला का पहला ब्लड बैंक स्थापित किया गया था। जिसमें रक्त को स्टोर करने के लिए पहला फ्रिज रोटरी क्लब ऊना द्वारा भेंट किया गया था। कंवर हरि सिंह ने उस समय रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक कियाए, जब लोग रक्तदान करने से डरते थे और समाज में इसके प्रति कई प्रकार की भ्रांतियां फैल रही थीं। इसके अलावा संस्था के माध्यम से वे रक्तदानियों को भी समय.समय पर सम्मानित करके उनका उत्साहवर्धन भी करते रहे थे। ये रक्तदान शिविर लगाकर संस्था द्वारा उन्हें एक श्रद्धाजंलि दी जा रही है। उन्होंने युवाशक्ति से अपील की है कि रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में बढ़-चढ़ कर भाग लें। ताकि इस कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके। रक्तदान शिविर का समय सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर दो बजे तक होगा। इस रक्तदान शिविर में कोई भी स्वस्थ व्यक्ति या महिला स्वंय रक्तदान स्थल पर आकर स्वैच्छिक रक्तदान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऊना जिला में रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में विभिन्न संस्थाएं सराहनीय कार्य कर रही हैं। जिनसे लोगों में अब रक्तदान करने की भावना जागृत हो रही है।