पंचकूला: बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बडौली ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस बीजेपी प्रदेश कार्यालय पंचकमल में की गई। इस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने पीएम मोदी की नीतियों पर भरोसा किया है। बिहार के लोगों ने लोकतंत्र के पर्व में शामिल होकर अपने मत का इस्तेमाल किया है।
पीएम मोदी के विकास के मॉडल पर मुहर लगाकर अपनी सरकार चुनी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जनता के मुद्दों से कोई भी लेना-देना नहीं है। कांग्रेस जनता पर अपनी बातें थोपती है यही कारण है कि कांग्रेस अपना जनाधार खो चुकी है। बिहार में एनडीए की प्रचंड विजय पर बिहार के मतदाताओं का आभार भी व्यक्त किया।
गठबंधन पर निशाना साधते हुए पंडित मोहन लाल बडौली ने कहा कि विरोधी पार्टियों ने एनडीए के खिलाफ अभियान चलाकर लोकतंत्र को कमजोर बनाने की कोशिश की है परंतु बिहार की जनता ने विपक्ष के इरादों पर पानी फेर दिया है। बिहार में पीएम नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार की नीतियों की जीत हुई है।
बिहार की जनता ने वोट संशोधन कार्यक्रम पर भरोसा जताया है। निर्वाचन आयोग ने पूरी तैयारियों के साथ निष्पक्ष तरीके से चुनाव की प्रक्रिया पूरी की है। बिहार की जनता ने चुनाव आयोग पर भरोसा जताया और इसी का परिणाम है कि बिहार विधानसभा चुनाव में वोट प्रतिशत बढ़ा है।
बिहार की जनता ने अब वोट चोरी की जगह कांग्रेस को ही चोरी कर दिया है। बिहार में कांग्रेस ही चोरी हो गई है और सिर्फ छह वोटों पर सिमट होकर रह गई है। बिहार चुनाव में कई पार्टियों के खाते ही नहीं खुले सिर्फ जीरो पर आउट हो गई है। वोटी चोरी का जो मुद्दा गठबंधन ने उठाने की कोशिश की उसका जवाब जनता ने दी है। जनता को जो जनादेश दिया है उसका कांग्रेस को सम्मान करना चाहिए।
कुरक्षेत्र में पीएम के कार्यक्रम को लेकर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा की नायब सैनी सरकार श्री गुरु तेग बहादुर का 350वां शहीदी दिवस राज्य स्तर पर मना रही है। पीएम मोदी 25 नवंबर को हिंद की चादर श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में आ रहे हैं। शहीदी दिवस पर यात्राएं पूरे देश में चल रही हैं और ये 24 नवंबर को कुरुक्षेत्र में पहुंच जाएगी।
आगे उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस पर 25 नवंबर को बड़ा आयोजन रहेगा। बीजेपी प्रदेष अध्यक्ष ने कहा कि पहली बार गीता महोत्सव भी 21 दिन चलेगा। पीएम मोदी कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। पीएम के कार्यक्रम के दो बड़े आयोजन है और दोनों में पीएम का आगमन होने वाला है।
पीएम के हरियाणा दौरे के लिए तैयारियां तेजी से चल रही है। प्रधानमंत्री मोदी के धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र पहुंचने पर उनका भव्य और दिव्य स्वागत हरियाणा की जनता के द्वारा किया जाएगा।