हिमाचल के विकास के लिए डबल इंजन सरकार जरूरी, मोदी के नेतृत्व में भारत विश्वगुरु बनने की और अग्रसर: संजय टंडन
सुक्खू सरकार पर तीखा हमला, बूथ स्तर को मजबूत करने का आह्वान
ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ विस क्षेत्र की भाजपा की संगठनात्मक संयुक्त मोर्चा बैठक कुटलैहड़ के समूर मंदिर में संपन्न हुई। जिसमें कुटलैहड़ के 400 से ज्यादा पदाधिकारियों ने भाग लिया,इस बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन सिद्धार्थन प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी संजय टंडन विशेष रूप से उपस्थित हुए। कार्यक्रम में पहुंचने पर कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो एवं अन्य पार्टी नेताओं ने गर्म जोशी से स्वागत किया। दीप प्रज्जलित करके कार्यक्रम की शुरुआत हुई। बही सभी भाजपा नेताओं को मंच से सम्मानित किया। मंच से संबोधन में हिमाचल प्रदेश भाजपा प्रभारी संजय टंडन ने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास, तेज़ प्रगति और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य में भाजपा की सरकार और केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि आज देश न केवल आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है, बल्कि विश्व पटल पर भारत की पहचान एक मजबूत, निर्णायक और नेतृत्वकारी राष्ट्र के रूप में स्थापित हो रही है। संजय टंडन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर है। कभी कांग्रेस द्वारा चाय बेचने वाले व्यक्ति का मज़ाक उड़ाया जाता था, लेकिन आज वही व्यक्ति पूरी दुनिया में भारत का गौरव बढ़ा रहा है और विश्व के बड़े-बड़े राष्ट्र भारत को सलाम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह बदलाव भाजपा की नीतियों, मजबूत नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का परिणाम है।
नरेंद्र मोदी भारत की बढ़ती ताकत और निर्णायक नेतृत्व
संजय टंडन ने कहा कि आज भारत की ताकत पूरी दुनिया महसूस कर रही है। देश की सीमाओं की सुरक्षा हो या आतंकवाद के खिलाफ कड़ा रुख, भारत अब दुश्मन को घर में घुसकर जवाब देने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि यह नया भारत है, जो न डरता है और न झुकता है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सेना का मनोबल बढ़ा है और देश की सुरक्षा नीति पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दशकों तक देश को कमजोर रखने वाली नीतियों के कारण भारत की छवि प्रभावित हुई, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। आज भारत वैश्विक मंच पर आर्थिक, सामरिक और कूटनीतिक रूप से सशक्त राष्ट्र के रूप में उभर रहा है।
संबोधन में सुक्खू सरकार पर तीखा हमला,बोले आपदा में पीड़ितों को नहीं मिली आर्थिक मदद,
प्रदेश भाजपा प्रभारी संजय टंडन ने हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार को आपदा प्रबंधन में पूरी तरह नाकाम बताया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान जिन परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता की आवश्यकता थी, उन्हें राज्य सरकार समय पर राहत देने में असफल रही है। पीड़ित परिवार आज भी मदद की आस लगाए बैठे हैं, जबकि सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित रह गई है। संजय टंडन ने आरोप लगाया कि चंद वोटों की खातिर सुक्खू सरकार धर्म के विरुद्ध कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां समाज को जोड़ने के बजाय बांटने का काम कर रही हैं। यहां तक कि “राधे-राधे” जैसे धार्मिक अभिवादन को लेकर भी सरकार को कष्ट होता है, जो प्रदेश की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं के प्रति असंवेदनशीलता को दर्शाता है।
भाजपा कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत: सिद्धार्थन
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री संगठन भाजपा नेता सिद्धार्थन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है और इसकी सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता समर्पण, सेवा और संगठन की भावना से कार्य कर रहा है। यही कारण है कि भाजपा बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का लक्ष्य वर्ष 2027 तक भारत को विश्व पटल पर नंबर एक राष्ट्र के रूप में स्थापित करना है। इसके लिए संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका बेहद जरूरी है। सिद्धार्थन ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर पर इतना मजबूत कार्य करें कि कांग्रेस उम्मीदवार की जमानत तक जब्त हो जाए।
सिद्धार्थन ने संबोधन में मेरा बूथ सबसे मजबूत अभियान को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने पर ज़ोर दिया। सिद्धार्थन ने कहा कि प्रत्येक बूथ टीम को अपने क्षेत्र में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और भाजपा की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाना होगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बूथ स्तर से लेकर ग्राम केंद्र और मंडल स्तर तक नियमित बैठकों का आयोजन किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी नेताओ और पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकजुट होकर सुक्खू सरकार की जनविरोधी नीतियों के बारे में जनता को जागरूक करें। महंगाई, बेरोजगारी, आपदा राहत में विफलता और सांस्कृतिक मूल्यों की अनदेखी जैसे मुद्दों को जनता के सामने मजबूती से रखा जाए।
कुटलैहड़ भाजपा की सयुक्त मोर्चा बैठक में संगठनात्मक एकता और अनुशासन का संदेश,
बैठक में जिला ऊना भाजपा प्रभारी रश्मि धर सूद, सह प्रभारी विशाल चौहान, विस्तारक अमित शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष श्याम मिन्हास, महामंत्री पीएल भारद्वाज, भाजपा नेता देविंदर कुमार भुट्टो, प्रदेश पंचायती राज के सह संयोजक एवं जिला पार्षद कृष्ण पाल शर्मा, जिला भाजपा उपाध्यक्ष बलराम बबलू, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़, भाजपा नेत्री संतोष सैनी, कुटलैहड़ भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष सुषमा ठाकुर, महामंत्री डेरा बाबा रूद्रानंद शाम चंदेल सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने संगठनात्मक एकता, अनुशासन और निरंतर जनसंपर्क पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सफलता का मूल मंत्र संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की निष्ठा है। बूथ स्तर पर सक्रियता ही चुनावी जीत की कुंजी है।
जनसंपर्क और जनता के मुद्दों पर फोकस देने पर दिया जोर,
जिला ऊना प्रभारी रश्मिधर सूद ने कहा कि आने वाले समय में पार्टी का फोकस जनसंपर्क अभियानों पर रहेगा। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में जनता की समस्याओं को सुनना होगा और उन्हें पार्टी के मंच के माध्यम से उठाना होगा। साथ ही केंद्र सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को सरल भाषा में जनता तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना,आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। इन उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
हमारा उद्वेश्य भाजपा परिवार को बूथ स्तर पर बढ़ावा देना: भुट्टो
कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने जहां कुटलैहड़ में आए सभी शीर्षक भाजपा नेताओं एवं बैठक में आए कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट किया। बही दविंदर कुमार भुट्टो ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन के लिए कार्य करें। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है, जो राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। डबल इंजन सरकार के माध्यम से हिमाचल प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से भाजपा आने वाले समय में प्रदेश में फिर से मजबूत जनादेश हासिल करेगी और हिमाचल को विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा।