बीजेपी की हुई अहम बैठक लोकसभा चुनावों को लेकर बनाई रणनीति
ऊना/सुशील पंडित : हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राज्य अध्यक्ष एवं ऊना के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कांग्रेस सरकार के अधूरे मंत्रिमंडल व सीपीएस बनाने पर कड़ा प्रहार किया है। रविवार को ऊना शहरी भाजपा की बैठक को भाजपा कार्यालय में संबोधित करते हुए सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि विपक्ष में रहते हुए कर्ज का रोना रोने वाली कांग्रेस ने अपने विधायकों की टूट व असंतोष को दबाने के लिए अधूरे मंत्रिमंडल के साथ सीपीएस बनाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री बताएं कि क्या सीपीएस बनाने से आर्थिक बोझ नहीं बढ़ेगा। उन्होंने पूछा कि एक महीना हो जाने के बाद भी कांग्रेस पूरे मंत्रिमंडल का गठन नहीं कर पाई है।
यह बताता है कि कैसे कांग्रेस में सिर फुटेल की स्थिति की है। सत्ती ने कहा कि कांग्रेस कर्ज पर घडियाली आंसू बहाती रही है। अब खुद एक साल में 11 हजार करोड़ ऋण लेने की लिमिट बना रही है। वहीं आधा दर्जन सीपीएस की फौज खड़ी कर दी है। सतपाल सत्ती ने कहा कि दफ्तरों को डिनोटिफाई करने वाली कांग्रेस सरकार एक महीने के करीब हो जाने पर भी जनता में विश्वास नहीं बना पाई है। सत्ती ने शहरी भाजपा के कार्यकर्ताओं का विधानसभा चुनावों में बेहतर काम करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऊना में भाजपा की जीत कार्यकर्ताओं व जनता की जीत है। सत्ती ने कहा कि मतदाताओं ने जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर वह खरा उतरेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए अभी से तैयारी करने को कहा। सत्ती ने कहा कि लोकसभा का चुनाव हमारा मिशन है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मजबूत बनाया जाएगा। लोकसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने के लिए एकजुटता के साथ सब काम करेंगे।
ये रहे उपस्थित
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सह प्रभारी सुमित शर्मा, जिला महामंत्री राजकुमार पठानिया ,मंडल अध्यक्ष हरपाल सिंह गिल, शहरी इकाई के अध्यक्ष जनक राज ,महिला मोर्चा की शहरी अध्यक्ष रितु अशोत्रा, हरि सिंह ठाकुर, विनय शर्मा, बलविंदर गोलडी,नवीन पूरी, ,नगर परिषद के अध्यक्ष पुष्पा देवी, उर्मिला,, सीमा दत्ता, रजनी ठाकुर,कैप्टेन चरण दास, सुखविंदर सांगरा, खामोश जैतक,नीरज जैतक, इंदु बाला,वरुण मेहन,मुनीश, डॉ मोनिका, डॉ सुभाष शर्मा,जय ठाकुर, भी उपस्थित रहे।