कांग्रेस सरकार महज दो महीने में ही बुरी तरह फ्लॉप
ऊना/सुशील पंडित : जिला ऊना से भाजपा विधायक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस सरकार पर जमकर बरसे उन्होंने कहा प्रदेश की कांग्रेस सरकार महज दो महीने में ही बुरी तरह फ्लॉप होकर रह गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने एक के बाद एक कई जनविरोधी निर्णय लेकर प्रदेश की जनता को मुश्किलों में डालने का काम कर रही है। जिसके खिलाफ भाजपा आने वाले समय में प्रदेश भर में मौजूदा सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरने वाली है। उन्होंने कहा कि भाजपा कल से ही हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत करने जा रही है।
सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि प्रदेश की मौजूदा कांग्रेस सरकार ने न केवल संस्थानों को बंद करते हुए हजारों लोगों को बेरोजगार करने का काम किया। इसके साथ-साथ कई प्रकार की पेंशन और इलाज के लिए मिलने वाली वित्तीय सहायता को भी रोक कर जनता को राम भरोसे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने विधायक निधि का पैसा रोक कर विकास पर पूरी तरह से ब्रेक लगाने का काम किया। आयुष्मान और हिम केयर योजना के तहत पैनल में लिए गए निजी अस्पतालों को पैसे का भुगतान न करके सरकार से लोगों को मिलने वाला पांच लाख रुपये तक का उपचार भी बंद कर दिया।