लुधियानाः शहर के आरती चौक पर बाइक सवार युवकों द्वारा एक कार सवार युवक पर जानलेवा हमला करने और लूटपाट का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने अपनी पूर्व मंगेतर पर इस हमले की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी देते पीड़ित युवक ने बताया कि वह अपनी कार में सवार होकर आरती चौक से गुजर रहा था कि तभी मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने उसे घेर लिया। हमलावरों ने पहले युवक की गाड़ी का शीशा तोड़ा और फिर ड्राइवर साइड का दरवाजा खोलकर उसके साथ बुरी तरह मारपीट और धक्का-मुक्की की। हमलावरों ने उसके गले से सोने की चेन छीन ली और कार में रखा नकदी से भरा बैग भी गायब है।
पीड़ित ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि इस हमले के पीछे एक लड़की का हाथ हो सकता है जिसके साथ उसका रिश्ता तय हुआ था। पीड़ित ने खुलासा किया कि वह उक्त लड़की से शादी करने वाला था लेकिन लड़की के बारे में कुछ आपत्तिजनक बातें पता चलने के बाद उसने शादी से इनकार कर दिया था। शादी तोड़ने से नाराज लड़की ने कुछ दिन पहले उसके दफ्तर में घुसकर मारपीट की थी और उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।
पीड़ित ने पहले भी इस लड़की के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन उसका आरोप है कि लड़की हर बार पुलिस को अलग-अलग मनगढ़ंत कहानियां सुनाकर बच निकलती है। उन्होंने कहा कि उस पर हुआ यह हमला सोची-समझी साजिश है। दफ्तर में हुई मारपीट के बाद उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं। उन्होंने मामले में पूरी जांच करके पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे मामले की बारीकी से जांच कर रहे हैं। आस-पास के CCTV कैमरों को खंगाला जा रहा है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि युवक की शिकायत और पुरानी रंजिश के एंगल को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।