ऊना/ सुशील पंडित : जिला मुख्यालय ऊना के बचत भवन के समीप बाइक सवार व्यक्ति ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयानक था कि सड़क पर व्यक्ति की टांग बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इससे सड़क पर काफी खून बिखर गया। घायल व्यक्ति को उपचार के लिए ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां पर गंभीर रुप से घायल का प्राथमिक उपचार करने के बाद आगामी उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ में रेफर किया गया और घावों की ताब न सहते हुए उनकी रास्ते में ही मौत हो गई।
घायल व्यक्ति की पहचान अनंत राम (72) पुत्र लेहणू राम निवासी वार्ड नंबर 04 अप्पर बसाल के रुप में हुई हैं। वहीं सूचना मिलते ही सिटी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना का जायजा लेकर कार्रवाई शुरु कर दी हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण धीमान ने बताया कि पुलिस ने ट्रक व बाइक को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरु कर दी हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ऊना के बचत भवन के पास एक सीमेंट लेकर जा रहे ट्रक चालक ने बाइक सवार व्यक्ति काे टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार सड़क पर गिर गया। जिससे बाइक चालक बुजुर्ग की एक टांग बुरी तरह से घायल हो गई। लोगों के सहयोग से घायल को ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां पर नाजुक हालत को देखते हुए पीजीआई चंड़ीगढ़ रेफर किया। लेकिन पीजीआई चंड़ीगढ़ ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। वहीं ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और मामला दर्ज करके जांच शुरु कर दी हैं।
