लुधियाना: भारत नगर चौक पर शनिवार को देर रात एक सड़क हादसा हो गया। बीच सड़क पर अंधेरे में खड़ी हुई एक प्राइवेट बस के पीछे बाइक सवार टकरा गया। टक्कर के कारण वह गंभीर तौर पर घायल हो गया। बस ड्राइवर मौके से भागने लगा पर लोगों ने उसे काबू कर लिया।
टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक पर सवार व्यक्ति गंभीर तौर पर घायल होकर सड़क पर गिर गया। लोगों ने घायल व्यक्ति की सीपीआर के जरिए मदद दी। 15 मिनट के बाद उसको होश आई तो एंबुलेंस के जरिए उसको अस्पताल में ले जाया गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। डॉक्टरों के अनुसार, बाइक सवार की हालत काफी गंभीर है परंतु खतरे से बाहर है। राहगीर गौरव ने बताया कि उन्होंने अपनी आंखों से यह एक्सीडेंट देखा। बस अंधेरे में खड़ी थी पीछे से बाइक सवार आया और अचानक खड़ी बस के पीछे टकरा गया।
बता दें कि बसें खड़ी करना अवैध है। बस ड्राइवर ने घायल की मदद भी नहीं की। घायल व्यक्ति की पहचान रवि के तौर पर हुई है। वह सुंदर नगर का रहने वाला है। उसको हम ईएसआई अस्पताल में लेकर गए परंतु उन्होंने भर्ती नहीं किया और किसी अन्य अस्पताल में भेजा।
राहगीरों का कहना है कि यदि बस खराब भी हुई है तो कम से कम पार्किंग या फिर इमरजेंसी हालात का कोई बोर्ड या फिर साइन लगाना चाहिए। घटनास्थल पर पीसीआर की टीम पहुंच गई जिसने बाइक को कब्जे में ले लिया है।
बस ड्राइवर का पता पूछकर जांच शुरु कर दी गई है। थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस मामले की जांच कर रही है।