उत्तर प्रदेशः पूर्व सांसद अतीक अहमद और उनके भाई की हत्या मामले में NHRC ने उत्तर प्रदेश पुलिस को नोटिस जारी किया है। प्रयागराज में अतीक अहमद और अशरफ अहमद की पुलिस कस्टडी में 3 हमलावरों ने हत्या कर दी थी। इसको लेकर अब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने यूपी पुलिस के महानिदेशक और प्रयागराज के पुलिस आयुक्त को नोटिस भेजकर 4 हफ्तों में रिपोर्ट मांगी है। इस नोटिस में हत्याकांड का संपूर्ण विवरण मांगा है। जिसमें समय, जगह और गिरफ्तार करने का कारण भी शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ दर्ज की गई शिकायत और एफआईआर की कॉपी भी मांगी गई है। इसके साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी उनके घरवालों को दी गई या नहीं इस बात की भी जानकारी मांगी गई है।
एनएचआरसी ने यूपी पुलिस ने पूरा ब्यौरा देने के लिए कहा है। जिसमें पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट के साथ-साथ उसकी वीडियोग्राफी की वीडियो कैसेट या सीडी भी मांगी गई है। खास बात ये है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट की टाइप की गई रिपोर्ट मांगी है जिसमें जख्मों का विवरण भी पेश करने के लिए कहा गया है। घटना वाली जगह का पूरा विवरण भी देने के लिए कहा गया है। साथ ही विसरा रिपोर्ट की कॉपी भी देने के लिए कहा गया है। बता दें कि 16 अप्रैल को अतीक और उसके भाई की तीन युवकों ने मीडिया के सामने गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। वहीं अतीक अहमद और उसके पूर्व विधायक भाई अशरफ की हत्या को उनके वकील ने राजनीतिक हत्या करार दिया। अतीक अहमद के वकील विजय मिश्रा ने दावा किया कि ये राजनीतिक मर्डर है, बंद लिफाफे में मरवाने वाले का नाम लिखा है।

