चंडीगढ़ः शहर में आज एक बार फिर से ‘मार्कर’ से खालिस्तानी नारा लिखने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक 9/10 की डिवाइडिंग रोड पर सेक्टर 9डी के बस स्टाप के पास पोल पर यह स्लोगन लिखा हुआ था। स्लोगन में लिखा था कि ‘2030 तक खालिस्तान बना है (2030 तक खालिस्तान बनाना है)। इसकी जानकारी मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा गया और तुरंत पुलिस ने दीवारों पर लिखे इस स्लोगन को स्प्रे पेंट के साथ मिटा दिया।
बता दें कि बीते सोमवार को सेक्टर 33/45 की डिवाइडिंग रोड पर दीवार पर ‘फ्री अमृतपाल’ लिखा गया था। चंडीगढ़ युवा दल के प्रेसिडेंट विनायक बंगिया ने ऐसे शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। गौर हो कि चंडीगढ़ में G20 मीटिंग व मौजूदा हालातों को लेकर सुरक्षा के लिहाज से चंडीगढ़ पुलिस की संवेदनशील जगहों पर सर्च जारी है। इसके बावजूद शहर में इस प्रकार अमृतपाल सिंह और खालिस्तान के समर्थन में स्लोगन लिखे जा रहे हैं।
