जालंधर : बिजली चोरी रोकने के लिए पावरकॉम की ओर से मुहिम चलाई जा रही है। इसी कड़ी के तहत इंफोर्समैंट विंग की ओर से सुबह तड़के नोर्थ जोन के अन्तर्गत आते होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर और नवांशहर सर्कलों में छापेमारी की गई। इस दौरान बिजली चोरी के कुल 14 केस पकड़े गए हैं और संबंधित उपभोक्ताओं को 7 लाख रुपए के करीब जुर्माना किया गया है। वहीं विभाग ने मौके पर ही बिजली कनैक्शन काट दिए।
अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न टीमों ने गुप्त सूचना पर सूर्या एन्क्लेव सहित दर्जनों स्थानों में छापेमारी करवाई गई। वहीं, सुभानपुर सहित आसपास के इलाकों में भी दबिश दी गई। इस कार्रवाई में बिजली चोरी के 3 केस पकड़े गए हैं।
वहीं नवांशहर के बलाचौर इलाके में 2 केस सामने आए हैं, इनमें मीटर को बाइपास करके सीधे तौर पर बिजली चोरी की जा रही थी।
इसी तरह से फगवाड़ा के नजदीक पड़ते गांव पुआदड़ा में बड़ा केस पकड़ा गया है। इस उपभोक्ता का सैंशन लोड 7.5 किलोवाट था, लेकिन मीटर के साथ आ रही सप्लाई को क्रैक करके बिजली चोरी की जा रही थी। इस उपभोक्ता को 1.26 लाख जुर्माना किया गया है।
