पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर रहे मुख्यातिथि ,विजेता टीमों को किया सम्मानित,
सांसद अनुराग ठाकुर के प्रयासों से कुटलैहड़ के खिलाड़ियों को प्रतिभा निखारने के लिए मिल रहा बेहतर मंच :वीरेंद्र कंवर
ऊना/ सुशील पंडित: कुटलैहड़ सांसद खेल महाकुंभ के तहत हुए क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में बटूही टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रत्न 11 को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया, रोमांचक मुकाबले में बटूही ने 14 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और विजेता बन गई।
कुटलैहड़ सांसद खेल महाकुंभ के प्रभारी राजेन्द्र रिंकू ने बताया कि कुटलैहड़ के इस बहुप्रतीक्षित क्रिकेट मुकाबले में रत्न 11 ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। निर्धारित 15 ओवरों में रत्न 11 ने 130 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। रत्न 11 की ओर से केशव ने 42 रन और कुछ ने 43 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। बटूही की टीम ने आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य का पीछा किया और मात्र 14 ओवरों में 132 रन बनाकर मैच जीत लिया।
इस शानदार जीत के साथ बटूही ने कुटलैहड़ क्रिकेट चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। रिंकू ने कहा कि इस टूर्नामेंट में तीसरे स्थान के लिए जसाना और तनोह के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें तनोह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। दोनों टीमों ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन अंत में तनोह ने बाजी मारी। कुटलैहड़ सांसद खेल महाकुंभ के इस बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता टीमों को सम्मानित किया और युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ जैसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और निखारने के लिए बेहतरीन मंच प्रदान कर रहे हैं। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि यह खेल महाकुंभ केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर के प्रयासों का परिणाम है, जिससे कुटलैहड़ के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि खेलों से न केवल शारीरिक और मानसिक विकास होता है, बल्कि यह टीम भावना और अनुशासन को भी बढ़ावा देता है। कुटलैहड़ सांसद खेल महाकुंभ में विभिन्न खेलों में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
रिंकू ने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई दी और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के लिए समर्थन जारी रखने की बात कही। कुटलैहड़ सांसद खेल महाकुंभ का यह आयोजन खेल प्रेमियों के लिए यादगार रहा। इस टूर्नामेंट ने क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों में नई ऊर्जा भर दी और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष चरणजीत शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
