बोले, पुरुषों को 30 मिनट में 5 किमी और महिलाओं को 10 मिनट में 1.5 किमी दौड़ करनी होगी पूरी, पूरी तैयारी के साथ आएं उम्मीदवार
ऊना /सुशील पंडित: राज्य सरकार द्वारा निर्धारित पशु भर्ती के उपलक्ष्य में उपमंडल बंगाणा में पशु मित्र भर्ती की प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों के लिए फिजिकल टेस्ट का आयोजन 7 अप्रैल को किया जा रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए उपमंडल बंगाणा के वरिष्ठ पशु चिकित्सक अधिकारी डॉ. राजेश कुमार जंगा ने बताया कि पशु मित्र पद के लिए चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से विभाग द्वारा अलग से गाइड लाइन जारी की गई है, जिसके अनुसार सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। डॉ. राजेश कुमार जंगा ने बताया कि 7 अप्रैल को बंगाणा के डूमखर स्थित ग्राउंड में सभी पात्र अभ्यर्थियों का फिजिकल टेस्ट आयोजित किया जाएगा।
इस टेस्ट के लिए उपमंडल बंगाणा से कुल 106 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं, जिनमें 77 पुरुष और 29 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सभी अभ्यर्थियों को सुबह 7 बजे तक अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित ग्राउंड में पहुंचना अनिवार्य होगा, ताकि समय पर प्रक्रिया शुरू की जा सके। उन्होंने बताया कि फिजिकल टेस्ट के दौरान पुरुष अभ्यर्थियों को 30 मिनट के भीतर 5 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी, जबकि महिला अभ्यर्थियों के लिए 10 मिनट के भीतर डेढ़ किलोमीटर की दौड़ निर्धारित की गई है। यह दौड़ निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करना अनिवार्य होगा। जो अभ्यर्थी तय समय के भीतर दौड़ पूरी नहीं कर पाएंगे, उन्हें आगे की प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।
डॉ. राजेश कुमार जंगा ने यह भी बताया कि सभी अभ्यर्थियों के लिए कॉल लैटर संबंधित पशु चिकित्सा केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध करवा दिए गए हैं। जिन अभ्यर्थियों को अभी तक कॉल लैटर प्राप्त नहीं हुआ है, वे अपने संबंधित पशु केंद्र से तुरंत संपर्क कर कॉल लैटर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे अपने दस्तावेजों की पहले से जांच कर लें और समय से पहले ग्राउंड में पहुंचें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से फिजिकल टेस्ट के आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ग्राउंड में अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।