पांच वर्ष पहले खून की जांच तक नहीं होती थी, आज सभी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध: विवेक शर्मा
ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा आज प्रातः दस बजे सिविल अस्पताल बंगाणा में नई स्वास्थ्य सुविधाओं का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वह अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवा तथा नई कैंटीन का विधिवत उद्घाटन करेंगे। विधायक विवेक शर्मा ने बताया कि सिविल अस्पताल बंगाणा में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होने से क्षेत्र की हजारों महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। अब लोगों को छोटी-छोटी जांच के लिए जिला मुख्यालय या अन्य बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रही है और इसी दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
अस्पताल परिसर में शुरू होने वाली कैंटीन सुविधा से मरीजों और उनके तीमारदारों को भी काफी सुविधा मिलेगी। दूरदराज से आने वाले लोगों को अब खाने-पीने की व्यवस्था के लिए बाहर भटकना नहीं पड़ेगा। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि अस्पताल में बेहतर माहौल और सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है, जिसे पूरी गंभीरता से निभाया जा रहा है। विधायक ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी सिविल अस्पताल बंगाणा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र की जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं निरंतर मिलती रहेगी। इस मौके पर राम आसरा शर्मा केवल कृष्ण शर्मा दिनेश खत्री अनिल बांटू आदि मौजूद रहे।