ऊना/ सुशील पंडित : उपमंडल बंगाणा के गांव हथलौण, हटली से संबंध रखने वाली बबीता देवी ने पिछले कल आए ऑल इंडिया बार काउंसिल की परीक्षा उत्तीर्ण करके ऊना जिला और उपमंडल बंगाणा का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने अपने गुरुओं और माता-पिता को इसका श्रेय दिया है। बबिता ने प्लस टू 2015 में वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हटली से की है और स्नातक की पढ़ाई अटल बिहारी वाजपेई राजकीय महाविद्यालय बंगाणा से राजनीति विज्ञान में 2018 में प्रथम श्रेणी में की। इसके बाद लॉ की पढ़ाई हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से प्रथम श्रेणी में की हैं। इसके बाद बबीता ने 11 अप्रैल 2022 को शिमला में हिमाचल प्रदेश बार काउंसिल में एडवोकेट के रूप में नामांकित और शपथ ग्रहण की थी।
उनके माता- पिता किसान है और उनका भाई विशाल खतरी , जिन्होंने वर्ष 2022 में केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला से प्रथम श्रेणी में राजनीति विज्ञान में एमए की है। इस अवसर पर एडवोकेट बबीता ने कहा कि उनका अगला लक्ष्य सिविल जज बनना है,जिसके लिए वह हर संभव प्रयास करेंगे। इस अवसर पर अटल बिहारी वाजपेई राजकीय महाविद्यालय बंगाणा राजनीति विज्ञान के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर सिकंदर नेगी ने कहा कि इस परीक्षा के उत्तीर्ण होने पर अब बबीता को भारतीय क्षेत्रीय अधिकार क्षेत्र (इंडियन टेरिटोरियल ज्यूरिसडिक्शन) के भीतर किसी भी निचली अदालत या उच्च न्यायालय में एक अधिवक्ता के रूप में अभ्यास करने व पैरवी करने का अवसर प्राप्त होगा। इसके साथ-साथ एडवोकेट बबीता को इस उपलब्धि के लिए बधाई व उज्जवल भविष्य की कामना की और कहा कि बबीता के इस उपलब्धि से इस क्षेत्र के युवा वर्ग को एक नई ऊर्जा वह दिशा मिलेगी।
