मऊः उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में महज इंसानियत शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जहां ऑटो चालक को मात्र 10 के किराए को लेकर बेरहमी से पीटा गया। दबंगई का खुला प्रदर्शन करते हुए कुछ लोगों ने ऑटो चालक को बीच सड़क पर घेरकर बेल्टों से पीटना शुरू कर दिया। ऑटो चालक की पहचान बल्लू के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार बल्लू ने किराये के व्यक्ति से 10 रुपए मांगे थे, जिसको लेकर विवाद हो गया। बल्लू ने बताया कि वह रेलवे स्टेशन से कुछ सवारियों को लेकर चला था।
गंतव्य पर पहुंचने के बाद जब उसने उनसे मात्र ₹10 किराया मांगा, तो सवारियों ने विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने बेल्ट निकालकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। मऊ जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र के सलाहाबाद के पास तालीमुद्दीन इंटर कॉलेज के समीप सड़क पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ युवकों ने ऑटो चालक को घेरकर बेल्ट से पिटाई शुरू कर दी।
राहगीरों की मौजूदगी में हुई इस घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित ने यह भी बताया कि वह हमलावरों को न तो जानता है और न ही पहचानता है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग खुलेआम हो रही इस तरह की अराजकता पर चिंता जता रहे हैं। फिलहाल, वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।