बोले—प्रिंसिपल पर भी दर्ज हो मामला
ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ के पूर्व विधायक और भाजपा नेता देवेंद्र भुट्टो ने मंगलवार दोपहर रैंसरी पहुंचकर स्कूल बस के नीचे कुचले जाने से जान गंवाने वाली छात्रा के घर जाकर परिजनों से मुलाकात की और गहरा शोक व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने हादसे में घायल दूसरी बच्ची का भी हालचाल जाना और परिवार को ढांढस बंधाया।
पूर्व विधायक ने इस दुर्घटना के लिए स्कूल प्रबंधन को कठघरे में खड़ा करते हुए आरोप लगाया कि प्रबंधन जिम्मेदारी से बचने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि महज 24 घंटे पहले तक यह बच्ची माउंट कार्मल स्कूल की छात्रा थी, लेकिन उसका अंतिम संस्कार होने से पहले ही स्कूल प्रबंधन ने उससे अपना पल्ला झाड़ लिया।
भुट्टो ने हैरानी जताते हुए कहा कि इतने बड़े हादसे के बाद भी अब तक न तो स्कूल का प्रधानाचार्य पीड़ित परिवार से संवेदना व्यक्त करने पहुंचा और न ही किसी प्रतिनिधि को भेजा गया। उन्होंने इसे बेहद संवेदनहीन और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। हादसे के बाद जिला प्रशासन ने जिले के निजी स्कूलों के वाहनों की जांच के आदेश तो दे दिए, लेकिन यह भी स्पष्ट किया जाए कि जिस स्कूल की बस से यह हादसा हुआ, क्या उसकी ट्रांसपोर्ट व्यवस्था की जांच के लिए भी कोई ठोस कदम उठाया गया है या नहीं।
भुट्टो ने आरोप लगाया कि कई बड़े अधिकारियों के बच्चे भी इसी स्कूल में पढ़ते हैं, ऐसे में स्थानीय प्रशासन से स्कूल प्रबंधन के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद कम ही दिखाई देती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस मामले में स्कूल बस के चालक, परिचालक और मालिक के साथ-साथ स्कूल के प्रिंसिपल के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया जाए और जिम्मेदारी तय की जाए।