वाशिंगटनः अमेरिका की प्राइवेट कंपनी इंट्यूएटिव मशीन्स का एथेना लैंडर चांद के साउथ पोलर रीजन में उतरा। हालांकि, लैंडिंग के कुछ मिनट बाद से मिशन कंट्रोलर उसकी स्थिति की पुष्टि नहीं कर पा रहे हैं। अब तक यह भी पता नहीं चल पाया है कि लैंडर सीधा सतह पर खड़ा है या नहीं। मिशन कंट्रोलर को लैंडिंग की पुष्टि करने में भी समय लगा। मिशन डायरेक्टर और कंपनी के को-फाउंडर टिम क्रेन ने कहा- ऐसा लगता है कि हम चंद्रमा पर उतर गए हैं। अब यह जांच रहे हैं कि लैंडर की सतह पर स्थिति क्या है।
मिशन ऑफिशियल्स के मुताबिक, चंद्रमा की सतह पर उतरने के बाद लैंडर मिशन कंट्रोलर के संपर्क में था। सोलर पावर भी जनरेट कर रहा था। हालांकि, लैंडिंग के करीब आधे घंटे बाद भी मिशन टीम यह पुष्टि नहीं कर पाई कि लैंडर सही स्थिति में है या नहीं। इस बीच NASA और इंट्यूएटिव मशीन्स ने लाइव लैंडिंग टेलीकास्ट अचानक बंद कर दिया। कहा कि दोपहर बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपडेट दिया जाएगा।
इंट्यूएटिव मशीन्स का दूसरा एथेना लैंडर IM-2 बुधवार देर रात (भारतीय समयानुसार गुरुवार सुबह 5:45 बजे) इलॉन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के फाल्कन 9 रॉकेट से लॉन्च किया गया था। रॉकेट को नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से लॉन्च किया गया। इस लैंडर में एक ड्रोन भी मौजूद है।