सीएम के रेस में शामिल है ये 3 फेस
नई दिल्लीः दिल्ली के मुख्यमंत्री के इस्तीफे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। दरअसल, अरविंद केजरीवाल आज इस्तीफा देंगे और दिल्ली को नया मुख्यमंत्री मिलेगा। वहीं केजरीवाल के इस्तीफा देने से पहले मनीष सिसोदिया केजरीवाल के आवास पर पहुंचे। आखिर इस मुलाकात का क्या मकसद है, इसकी डिटेल सामने नहीं आई है।
आम आदमी पार्टी ने बताया है कि अरविंद केजरीवाल की जगह दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान मंगलवार दोपहर 12 बजे विधायक दल की बैठक के बाद होगा। लगभग साढ़े 11 बजे आप विधायक दल की बैठक शुरू होगी, इसके बाद नए सीएम के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। ऐसा माना जा रहा है कि अरविंद केजरीवाल इस्तीफा देने से पहले कनॉट प्लेस के हनुमान मंदिर जाएंगे।
अरविंद केजरीवाल को एलजी वीके सक्सेना ने मिलने का समय दे दिया है। अरविंद केजरीवाल आज शाम 4.30 बजे को एलजी से मुलाकात करेंगे और अपना इस्तीफा सौंपेंगे। अरविंद केजरीवाल के बाद दिल्ली का नया सीएम कौन होगा, इसे लेकर कयासों का दौर जारी है। सूत्रों के अनुसार अतिशी, सौरभ भारद्वाज और गोपाल राय में से सीएम पद का चेहरा हो सकते है। लेकिन आज कुछ समय बाद इस सस्पेंस से पर्दा हट जाएगा। बताया जा रहा हैकि पार्टी के वरिष्ठ नेता सदस्य संजय सिंह और अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता सिंह मुख्यमंत्री की रेस से बाहर हैं।
संजय सिंह राज्यसभा सदस्य हैं। वहीं सुनीता केजरीवाल न तो विधायक हैं और ना ही कोई और पद उनके पास है। अरविंद केजरीवाल ने रविवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया था। उन्होंने कहा था कि वो मुख्यमंत्री की कुर्सी पर तभी बैठेंगे जब जनता उन्हें “ईमानदारी का सर्टिफिकेट” देगी। पार्टी के एक पदाधिकारी ने कहा, “विधायक दल की बैठक के बाद आज दोपहर 12 बजे नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाएगा।”
