नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में होने वाले चुनावों को लेकर चुनाव आयोग ने सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस को लेकर बयान दिया है। दरअसल, भारतीय निर्वाचन आयोग ने आज अपने सोशल मीडिया हैंडल से पोस्ट करते हुए एक बड़ा स्टेटमेंट दिया। जिसके बाद अब इस पोस्ट पर कई तरह के रिएक्शन सामने आ रहे हैं। एक तरफ टीएमसी, बीजेपी और चुनाव आयोग पर लगातार गंभीर आरोप लगा रही है, वहीं दूसरी ओर बीजेपी ने टीएमसी की शिकायतों के मद्देनजर चुनाव आयोग से सख्त कार्रवाई की मांग की है। भारतीय निर्वाचन आयोग ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से एक्स पर पोस्ट करते हुए तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा।

चुनाव आयोग ने लिखा कि चुनाव आयोग की तृणमूल कांग्रेस को दो टूक, आगे इसी पोस्ट में बताया गया कि इस बार राज्य में चुनाव भय रहित, हिंसा रहित, धमकी रहित, प्रलोभल रहित, छापा रहित और बूथ एवं सोर्स जामिंग रहित होकर ही रहेंगे। पोस्ट के साथ एक फोटो भी शेयर की गई है। इसी मामले में नाराजगी जताते हुए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी एक पोस्ट किया है। अरविंद केजरीवाल ने अपने पोस्ट में उन्होंने सीधे-सीधे चुनाव आयोग पर निशाना साधा है। केजरीवाल ने चुनाव आयोग पर भारतीय जनता पार्टी के निर्देशों पर काम करने का गंभीर आरोप लगाया है। अब अरविंद केजरीवाल के इस पोस्ट की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
दरअसल, ऐसा देखा जा रहा है कि अपनी चुनावी रैलियों में सीएम ममता बनर्जी अपने विरोधियों के साथ-साथ चुनाव आयोग पर भी जमकर गरजती हुई नजर आती हैं। कई मौको पर उन्होंने आयोग को साफ तौर पर निशाने पर लिया। यहां तक की जब आयोग ने अधिकारियों के ट्रांसफर किए तब भी ममता भड़क उठीं और उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग जिस तरह से बंगाल को विशेष रूप से निशाना बनाया रहा है, वह न केवल अभूतपूर्व है बल्कि बेहद चिंताजनक भी है। इसके अलावा ममता ने इस पूरे घटनाक्रम को प्रशासनिक कार्रवाई मानने से इन्कार करते हुए इसे उच्च स्तर का राजनीतिक हस्तक्षेप बताया। ममता ने चुनाव आयोग पर भाजपा व केंद्र के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए इसे अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति बताया।