जम्मू-कश्मीर: राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों के बारे में जानकारी देने वाले किसी भी व्यक्ति को 1 लाख रुपये से 5 लाख रुपये तक का इनाम दिया जाएगा । पुलिस ने शनिवार को इसकी घोषणा की है। पुलिस ने एक बयान में कहा कि सीमा पार से जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों, विस्फोटकों और तस्करी की खेपों को पहुंचाने के लिए राष्ट्र-विरोधी तत्वों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली सीमा पार सुरंग का पता लगाने वाले को सबसे बड़ा इनाम, 5 लाख रुपये दिया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक पुलिस के बयान में कहा गया है कि नशीले पदार्थ, हथियार या विस्फोटक सामग्री गिराने के लिए सीमा पार से उड़ाए गए ड्रोन के बारे में जानकारी देने वालों को इनाम के रूप में 3 लाख रुपये दिए जाएंगे, जिससे सामग्री की बरामदगी हो सके। पुलिस ने उन लोगों के लिए 2 लाख रुपये की घोषणा की, जो अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी का भंडाफोड़ करने के लिए जानकारी प्रदान करता है या पाकिस्तान स्थित आतंकवादी आकाओं या जेल में बंद अलगाववादियों से बात करने वाले व्यक्तियों के बारे में सटीक जानकारी देता है। जिससे बाद की जांच के दौरान मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने में सफलता मिलती है ।
पुलिस ने कहा कि मस्जिदों, मदरसों, स्कूलों या कॉलेजों में लोगों को आतंकवादी रैंकों में शामिल होने या बंदूकें उठाने के लिए प्रोत्साहित, प्रेरित और उकसाने वाले लोगों के बारे में जानकारी देने वाले और जांच के दौरान जानकारी की पुष्टि होने पर 1 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा ।
