नई दिल्लीः बांग्लादेश में हिंदुओं को मारने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब तो प्रतिदिन ही एक केस सामने आने लगा है। ताजा मामले में नरसिंदी जिले में बीती देर रात एक हिंदू दुकानदार की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय शरत चक्रवर्ती मणि के रूप में हुई है। यह बीते 18 दिनों में छठे हिंदू व्यक्ति की हत्या है।
जानकारी मुताबिक, शरत चक्रवर्ती मणि पलाश उपजिला के चारसिंदूर बाजार में अपनी किराना दुकान चला रहे थे। इसी दौरान अचानक पहुंचे अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल मणि को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दरअसल, 19 दिसंबर को मणि ने फेसबुक पर एक पोस्ट लिखकर देश में बढ़ती हिंसा पर चिंता जताई थी और अपने इलाके को मौत की घाटी बताया था।
वहीं 5 जनवरी को ही जेसोर जिले में भी एक हिंदू व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मोनिरामपुर इलाके में एक आइस फैक्ट्री मालिक राणा प्रताप बैरागी की सार्वजनिक रूप से हत्या हुई। वे कपलिया बाजार में आइस फैक्ट्री चलाते थे और वहां की एक अखबार के कार्यकारी संपादक भी थे। रिपोर्ट के मुताबिक, बाइक पर सवार तीन हमलावर उन्हें फैक्ट्री से बाहर बुलाकर एक गली में ले गए और सिर में नजदीक से गोली मारकर फरार हो गए जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है।
दूसरी ओर, 3 जनवरी को 44 साल की एक हिंदू विधवा महिला से गैंगरेप का मामला भी सामने आया। आरोपियों ने रेप के बाद उसे पेड़ से बांधकर पीटा। यह घटना बांग्लादेश के झेनाइदह जिले के कालीगंज इलाके में हुई। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने जिस एक आरोपी हसन (45 साल) को हिरासत में लिया है, वह उसी इलाके के एक गांव का रहने वाला है।