गोरखपुरः जिले में 8 साल की बच्ची से रेप का मामला सामने आया है। मासूम अपनी दादी के मायके एक शादी में गई थी। शादी स्थल से करीब 200 मीटर दूर बच्ची खून से लथपथ मिली जिसके बाद परिजन उसे लेकर स्थानीय अस्पताल पहुंचे लेकिन उसकी हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना शनिवार तड़के पीपीगंज थानाक्षेत्र की बताई जा रही है। परिजन की शिकायत पर रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
परिजन के मुताबिक, वह अपनी दादी के मायके में शादी समारोह में शामिल होने के लिए आए थे। दादी के अनुसार, जयमाला कार्यक्रम के बाद साढ़े 11 बच्ची अचानक उनकी पोती गायब हो गई। उसे काफी जगह ढूंढ़ने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मिली। ड्रोन वीडियो रिकॉर्डिंग को खंगाला गया तो वह आरोपी अशोक निषाद उर्फ टुनटुन (22) के साथ जाती दिखाई दी। परिवार के साथ गांव के लोग भी बच्ची को खोजने लगे।

देर रात में शादी समारोह स्थल से करीब 200 मीटर दूर सूनसान जगह पर बच्ची खून से लथपथ मिली। परिजन उसे लेकर आनन फानन में स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल लाया गया। यहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। डॉक्टर्स के अनुसार, बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है।
वहीं सीओ कैंपियरगंज सीओ अनुराग सिंह ने बताया शनिवार तड़के 3 बजे 8 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना की 112 पर सूचना मिली थी। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। आसपास के लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी के आधार पर आरोपी अशोक निषाद को हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।