जालंधर, ENS: परागपुर में देर रात भीषण सड़क हादसे का मामला सामने आया है। जहां बाइक सवार युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि इस हादसे में एक की मौत हो गई है, जबकि दूसरी युवक गंभीर रूप से घायल है। जिसे उपचार के लिए जौहल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं मामले की जानकारी देते हुए परागपुर चौंकी इंचार्ज ने बताया कि उन्हें सड़क हादसे की सूचना मिली है।
पुलिस ने बताया कि उन्हें पता चला है कि उक्त बाइक सवार युवक पीबी 08 एफसी 0718 पर सवार होकर जा रहे थे।जहां परागपुर के पास सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मृतक की पहचान मकसूदां के विवेक विहार के रहने वाले करणजोत सिंह (37) के रूप में हुई है। वहीं, करनजोत के साथी नंदनपुर के रहने वाले सौरव की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि करणजोत अमेरिका से लौटा था।
मिली जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुई स्पोर्ट्स बाइक करणजोत की थी। जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। एएसआई गुरदीप चंद ने बताया कि करनजोत कुछ समय पहले ही विदेश अमेरिका से लौटा था। करनजोत शादीशुदा था, मगर उसका पत्नी के साथ तलाक का केस चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में मृतक करनजोत के मां सुखविंदर कौर के बयानों पर आईपीसी की धारा 304 (गैर इरादतन हत्या) का केस दर्ज कर लिया है।
एएसआई गुरदीप चंद ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवार के हवाले कर दिया जाएगा। फिलहाल आरोपी की पहचान करने के लिए हाईवे से सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। चौकी परागपुर के इंचार्ज हीरा सिंह ने बताया कि जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।