नई दिल्ली : पाकिस्तान की खराब आर्थिक स्थिति के बारे में तो सबको पता है। अब वहां हालात ऐसे हो चुके हैं कि बिजली की किल्लत के चलते लाहौर, कराची और इस्लामाबाद जैसे बड़े शहरों तक में घंटों-घंटों लोड शेडिंग हो रही है। इस बीच सरकार ने बिजली बचाने के लिए होटल, रेस्तरां और बाजारों तक को तय वक्त से पहले ही बंद करने का ऐलान किया है। पाकिस्तान के संघीय रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने मंगलवार को इस बाबत जानकारी देते हुए बताया कि पूरे देश में सभी बाजार, शॉपिंग मॉल, होटल और रेस्तरां रात 8 बजे बंद हो जाएंगे।
जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय कैबिनेट की बैठक के बाद इस्लामाबाद में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए ख्वाजा आसिफ ने देश के समग्र ऊर्जा बिल को कम करने के इन उपायों की घोषणा की। इस दौरान आसिफ ने साथ ही बताया कि मैरिज हॉल भी रात 10 बजे तक बंद हो जाएंगे। हालांकि इन प्रतिबंधों से दवा दुकानों को छूट दी गई है। इसके अलावा ख्वाज़ा आसिफ ने कहा कि सरकार 20% सरकारी कर्मचारियों से हफ्ते में 2 दिन घर से काम कराने की सोच रही है। इसके साथ ही सरकारी दफ्तरों में बिजली के बल्ब और पंखे जैसे उपकरणों को कम ऊर्जा खपत वाले उपकरणों से बदलने की भी सोच रही है।
