नई दिल्लीः वेरका, अमूल और मदर डेयरी के बाद अब पराग ने ग्राहकों को झटका देते हुए दामों में बढ़ौतरी कर दी है। यह नई दरें शनिवार से लागू कर दी गई हैं। लखनऊ दुग्ध संघ के महाप्रबंधक विकास बालियान ने बताया कि दूध के उत्पादन, संग्रहण और वितरण की लागत में बढ़ोतरी के कारण यह कदम उठाना पड़ा।
कंपनी ने दूध की आधा लीटर और एक लीटर पैकिंग का दाम एक-एक रुपये बढ़ा दिया है। पराग का फुलक्रीम एक लीटर दूध अब 68 की बजाय 69 रुपये में मिलेगा। आधा लीटर पैक का रेट भी अब 34 रुपये से बढ़कर 35 रुपये कर दिया गया है। टोंड मिल्क का एक लीटर पैक 56 रुपये की बजाय 57 रुपये और आधा लीटर पैक 28 की बजाय 29 रुपये में मिलेगा।
इससे पहले वेरका, अमूल और मदर डेयरी ने भी अपने दूध उत्पादों की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की थी, जिसका असर अब उत्तर भारत के राज्यों में दिखाई दे रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले समय में दूध से बने अन्य उत्पादों जैसे दही, पनीर और घी की कीमतों में भी वृद्धि हो सकती है। यह आम उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल सकता है।
