नई दिल्ली: बिग बॉस के विनर एल्विश यादव को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। नोएडा पुलिस ने रेव पार्टी में सांप के जहर के इस्तेमाल को लेकर जो एफआईआर दर्ज की है, उसमें एल्विश का नाम भी शामिल है। पार्टी में स्नेक पॉइजन सप्लाई करने के मामले में जो आरोपी पकड़े गए हैं। उन्होंने एल्विश यादव का नाम लिया है। ये मामला इतना गंभीर है कि इसमें एल्विश की गिरफ्तारी भी हो सकती है।
वहीं दूसरी ओर एल्विश यादव ने वीडियो पोस्ट करते हुए कहा- मैं सुबह उठा। मैंने मीडिया में न्यूज देखी कि एल्विश यादव नशीले पदार्थ के बिजनेस में शामिल हैं। वो अरेस्ट हो गए हैं। मैं बता दूं कि मेरे खिलाफ जितने भी चीजें चल रही हैं। वो फेक हैं और मेरा इसमें कोई लेना देना नहीं है।
एल्विश ने आगे कहा कि मुझे लेकर जो भी बातें की जा रही हैं, उसमें किसी तरह की सच्चाई नहीं है। आरोपों में मेरा नाम खराब न करें। मैं यूपी पुलिस के साथ सहयोग करने को तैयार हूं। मैं यूपी पुलिस और माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से निवेदन करना चाहता हूं कि इस चीज में अगर 1% मेरे खिलाफ आरोप साबित हुए, तो मैं जिम्मेदारी लेने को तैयार हूं। मैं सबसे कहना चाहता हूं की प्लीज बिना किसी सबूत के मेरा नाम खराब करने की कोशिश ना करें। मेरा दूर-दूर तक इससे कोई वास्ता नहीं है।
