मोगाः दैट गर्ल गीत से सुर्खियों में आई पंजाब के मोगा की परम तरक्की की राह है। उसका नया सॉन्ग मेरा माही भी अब ट्रेंड कर रहा है। इसे खुद परम ने लिखा, कंपोज किया और गाया है। इस गीत में भी परम में सिद्धू मूसेवाला की झलक दिखाई दे रही है। परम ने इस गीत को भी सिद्धू स्टाइल में गाया है।
View this post on Instagram
इस सॉन्ग को 2 दिन में ही यूट्यूब पर 5.85 लाख, तो इंस्टाग्राम पर 8 मिलियन लोग पसंद कर चुके हैं। वहीं एक महीना पहले रिलीज दैट गर्ल को यूट्यूब पर 16 मिलियन, तो इंस्टाग्राम पर 22 मिलियन लोग पसंद कर चुके हैं। दैट गर्ल गाने को लेकर वीडियो डॉयरेक्टर ने बताया कि पहले गीत की शूटिंग के वक्त परम नर्वस थी। उसे ओपनिंग सीन में ही 50 टेक देने पड़े। पहला टेक सलेक्ट होने के बाद फिर वह कॉन्फिडेंट हो गईं।
मोगा की परम ने दूसरे गीत मेरा माही के लिए खूब प्रैक्टिस की है। इसका वीडियो भी उसने शेयर किया है, जिसमें परम अपनी पुराने मोगा साइफर के दोस्तों के साथ गीत को लेकर प्रैक्टिस करती नजर आ रही है। इस गीत की प्रैक्टिस में उसके साथी भी उसकी मदद करते दिख रहे हैं।
परम का जन्म मोगा के दुन्नेके गांव में साधारण परिवार में हुआ है। परम की उम्र अभी 19 साल है। मां दूसरों के घरों में झाड़ू-पोछे और बर्तन साफ करने का काम करती हैं, जबकि पिता दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। फिलहाल परम मोगा के बीएम कॉलेज से ग्रेजुएशन कर रही है। परम न केवल रैप गाती हैं, बल्कि क्लासिकल भी उतना ही अच्छा गाती है। इसके पुराने वीडियो भी परम ने शेयर किए हैं। सतिंदर सरताज के एक गीत बेकरारियां हुंदियां कीमती जी…गाती नजर आईं। इसके साथ हिंदी गीत गुमसुम…गुमसुम भी गाया। वह सतिंदर सरताज को काफी पसंद करती हैं।
मोगा साइफर से निकली परम ने कई युवाओं के लिए म्यूजिक इंडस्ट्री में नई राहें बना दी हैं। मोगा साइफर की ही तरह पूरे पंजाब में साइफर का नया दौर शुरू हो गया है। मोगा के बाद बटाला साइफर भी इसी तरह हिट हो रहा है। इनका एक गीत मामा फोन क्यों नी चुक्कण डेया सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है।
पहले गीत से हिट होने के बाद उनसे मोगा के ही बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद भी बात कर चुके हैं और मुंबई आने का न्योता दे चुके हैं। उन्होंने वादा किया था कि वह परम की हर तरह से मदद करेंगे। सोशल मीडिया पर उसे लेडी सिद्धू मूसेवाला का नाम दिया गया है।
परम को हाल ही में मुंबई में पहला शो मिला था। इसका भी एक वीडियो परम ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। मुंबई में भी गीत…नी मैं अड्डी न पताशे जावां पोरदी सुनने वालों की बड़ी तादाद दिखी। जैसे ही परम स्टेज पर आई, क्राउड ने उसका सीटियां बजाकर स्वागत किया। इसके बाद जैसे ही परम ने गाना शुरू किया तो क्राउड भी साथ-साथ गाने लगा।