फगवाड़ाः पंजाब के फगवाड़ा में कुछ दिन पहले हुई दिनदहाड़े लूट की वारदात को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाकर बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, एक युवक ने बंदूक की नोक पर एक रेहड़ी (ठेला) लगाने वाले व्यक्ति से करीब 11,000 रुपये नकद लूट लिए थे। यह पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की।
मामले को लेकर फगवाड़ा की एसपी माधवी शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान राजकुमार के रूप में हुई है, जो पंडोरी गांव का रहने वाला है। CCTV फुटेज इस केस को सुलझाने में बेहद अहम साबित हुई। फुटेज के जरिए आरोपी की गतिविधियों और पहचान का पता लगाया गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। साथ ही, लूट में इस्तेमाल किए गए हथियार को लेकर भी जांच की जा रही है।
