सारणः जिला के तरैया थाना क्षेत्र में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई है। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों मुताबिक, बिहार के जिला सारण में अरदेवा गांव निवासी अमित कुमार राम (15) पुत्र संजीव कुमार राम अपने घर के जलावन के लिए लकड़ी निकालने जा रहा था। इसी दौरान वह विद्युत पोल से निकल रहे अर्थिंग तार के करंट की चपेट में आ गया, जिससे वह अचेत होकर गिर गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उसे इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने प्राथमिक चिकित्सा के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
सदर अस्पताल लाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस इस मामले में मृतक के परिजनों से मिले आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।
