नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में बाइक सवार युवक जलबोर्ड द्वारा खोदे गए एक गहरे गड्ढे में गिर गया। इस घटना में बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके के लोगों में इस गड्ढे को लेकर काफी आक्रोश है। मामले में दिल्ली सरकार ने जांच के आदेश जारी किए हैं। यह हादसा तब हुआ है, जब हाल में ही राजधानी से सटे नोएडा में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत में प्रशासन की लापरवाही सामने आई थी। दिल्ली के पालम इलाके में रहने वाला एक बाइक कमल गुरुवार देर रात अपने ऑफिस से घर लौट रहा था।
इस दौरान जनकपुरी इलाके में वह सड़क पर दिल्ली जलबोर्ड द्वारा खोदे गए एक गहरे गड्ढे में जा गिरा। गंभीर रूप से घायल कमल पूरी रात उसी गड्ढे में फंसा रहा, जिसके बाद उसकी तपड़कर मौत हो गई। हालांकि हादसे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। जनकपुरी इलाके में हुई इस घटना से लोगों में काफी गुस्सा है। उनका कहना है कि यह गड्ढा काफी दिनों से खुला हुआ है। दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने पूरे मामले में जांच के आदेश जारी किए हैं।
उन्होंने कहा, यह घटना कैसे हुई इसकी जांच की जाएगी। इसके लिए कमेटी गठित की जा रही है। अगर इसमें कोई कमी होगी तो ठेकेदार-अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। इस मामले पर सियासत भी तेज हो गई है। दिल्ली आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने रेखा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, ‘सड़क में गहरे गड्ढे में एक मासूम बाइक सवार गिर कर फंस गया, रात भर पड़ा रहा और मर गया। नोएडा की घटना से दिल्ली की बीजेपी सरकार ने कुछ नहीं सीखा। बस रोज झूठ बोला जाता है।’
