फरीदाबादः बदरपुर बॉर्डर के पास एक गेस्ट हाउस के बाहर नौजवान का चाकू मारकर कत्ल कर दिया गया। मृतक की पहचान 25 वर्षीय सचिन मेहरा निवासी सूर्य विहार के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार प्रेम-प्रसंग के चलते 3 युवकों ने सचिन पर हमला किया। इस घटना में सचिन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक युवक और युवती को हिरासत में लिया है और जांच जारी है। जांच में सामने आया है कि मृतक निजी अस्पताल में स्वीपर का काम करता था।
पुलिस के अनुसार, सचिन अपने एक दोस्त से मिलने होटल पहुंचा था, जहां उसका दोस्त काम करता था। जीतू नामक दोस्त ने उसको फोन करके बुलाया था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान 3 युवक उसका पीछा करते हुए होटल के बाहर पहुंचे और सचिन के साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते एक हमलावर ने चाकू निकालकर सचिन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सन्नी नाम के युवक ने मृतक पर चाकूओं से वार किया। जबकि ग्यासी और आदित्य नाम का युवक मौके से भागने में कामयाब रहे।
इस हत्या के समय वहां पर एक युवती भी मौजूद बताई जा रही है। जिसको लेकर ये पूरा विवाद हुआ था। परिजनों का कहना है कि जब यह वारदात हुई, उस वक्त सराय थाने की राइडर पर तैनात दो पुलिसकर्मी वहीं मौजूद थे। आरोप है कि उन्होंने बीच-बचाव नहीं किया, बाद में उन्होंने चाकू मारने वाले युवक को हिरासत में ले लिया। मौके पर मौजूद पुलिस ने घायल सचिन को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। बीके अस्पताल में शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया।