कोटाः राजस्थान के कोटा में एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित मुख्य आरोपी की बहन के संपर्क में था। मुख्य आरोपी को हिरासत में लिया गया है। मृतक की पहचान कोटा शहर के खेड़ली फाटक क्षेत्र निवासी निखिल अग्रवाल के रूप में हुई है, जिस पर कोटा के कई थानों में तीन-चार आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि यह वारदात कोटा शहर के भीमगंजमंडी थाना क्षेत्र के तेजाजी का चौक पर देर रात को हुई।
भीमगंजमंडी थाने के एसएचओ रामकिशन गोदारा ने बताया कि पीड़ित अग्रवाल और समूह के बीच हाथापाई हुई, जिसमें कथित तौर पर अमन योगी, मुकेश केवट, विशाल केवट और कई अन्य शामिल थे। गोदारा ने बताया कि झगड़े के दौरान समूह ने अग्रवाल पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और आरोपी मौके से फरार हो गए। अग्रवाल को एमबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। एसएचओ ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि हो सकता है कि यह हमला व्यक्तिगत रंजिश के चलते किया गया हो।
