मोहाली: पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गई। भाई के जन्मदिन पर हुए पुराने विवाद का बदला लेने के लिए तीन-चार युवकों ने चंडीगढ़ के हल्लोमाजरा से एक युवक का अपहरण करके उसको बेरहमी से मार डाला। आरोपी पहले उसको जबरदस्ती बाइक पर बैठाकर जीरकपुर में ले गया। इस दौरान रास्ते में उसके साथ मारपीट की।
इसके बाद डेराबस्सी में ले जाकर लोहे की सरियों से उस पर ताबड़तोड़ हमला करके उसे मौत के घाट पर उतार दिया। मृतक की पहचान सेक्टर-20 के रहने वाले सुशील उर्फ साहिल के तौर पर हुई है। शुक्रवार दोपहर उसका शव डेराबस्सी के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में लावारिस हालात में पाया गया। जैसे ही सूचना मिली पुलिस ने तुरंत शव को सेक्टर-32 स्थित जीएमसीएच की मोर्चरी में शिफ्ट कर दिया।
शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। थाना सेक्टर-31 पुलिस को दिए बयान में हल्लोमाजरा के दीप कॉम्पलेक्स के रहने वाले विजय कुमार ने बताया कि वह रैपिडो बाइक कैब चलाता है। 5 फरवरी को वह अपने रिश्तेदार सुशील के साथ किसी निजी काम से अंबाला और पेहोवा गया था। शाम को दोनों ही हल्लोमाजरा लौटे।
करीब साढ़े चार बजे सुशील ने विजय को रविदार मंदिर के पास में छोड़ा और खुद आगे चला गया। इस दौरान 3-4 युवक वहां पर पहुंचे और उन्होंने अचानक से सुशील के साथ मारपीट शुरु कर दी। विजय ने जब बीच-बचाव करके बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसको धमकाया और सुशील को जबरदस्ती बाइक पर बिठाकर फरार हो गए।
इसके बाद में उसका कोई भी पता नहीं चला। परिवार वालों के अनुसार, नवंबर 2025 में जीरकपुर की प्रीत कॉलोनी में आरोपी अनिल के भाई का जन्मदिन मनाया जा रहा था। इस दौरान पार्टी में नशे में कुछ युवकों ने सुशील से उसकी नई गाड़ी चलाने की जिद की। विवाद बढ़ने पर सुशील वहां से जाने लगा तभी जन्मदिन मना रहा युवक अचानक गाड़ी के नीचे आ गया और हादसे में उसकी मौत हो गई।
इस मामले में जीरकपुर थाने में सुशील के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के अंतर्गत केस दर्ज था हालांकि परिजनों का यह कहना है कि यह मामला जांच में था परंतु आरोपियों ने कानून पर भरोसा करने की जगह खुद ही बदला लेने का फैसला कर लिया। इस रंजिश के चलते सुनियोजित तरीके से उसका अपहरण करके हत्या कर दी।
घर में था शादी का माहौल
सुशील की सगाई हो गई थी और करीबन दो महीनों के बाद उसकी शादी भी तय थी। उसके घर में शादी की तैयारियां भी चल रही थी परंतु अब हत्या की खबर के बाद सारा परिवार गहरे सदमे में चला गया है। सुशील के माता-पिता और बहन का पहले ही निधन हो गया है। वह सेक्टर-20 में स्थित सरकारी मकान में अपने भाई और भाभी के साथ रहता था और टेक्सी चलाकर अपने परिवार का गुजारा करता था।
जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे आरोपी
शुरुआत में सेक्टर-31 थाना पुलिस ने विजय कुमार के बयान पर जीरकपुर की प्रीत कॉलोनी के रहने वाले अनिल और उसके तीन साथियों के खिलाफ अपहरण का मामला भी दर्ज किया गया था। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने एफआईआर में हत्या की धाराएं भी जोड़ दी हैं फिलहाल पुलिस की टीम के द्वारा जीरकपुर और आस-पास के क्षेत्रों में लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों ने दावा किया है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
