श्रीगंगानगरः शहर के प्रेम नगर इलाके में देवर के घर मिलने आई महिला पर बाहर बैठे कुत्तों ने हमला कर दिया। बचने के लिए वह रैंप पर चढ़ी, लेकिन पैर फिसलने से जमीन पर गिर गई। गिरते ही कुत्तों ने हाथ-पैर पर काट लिया। शोर सुनकर स्कूटी सवार और परिजन मौके पर पहुंचे तो कुत्ते भाग गए। घायल महिला को हॉस्पिटल ले जाकर एंटी-रैबीज इंजेक्शन लगाए गए हैं। वहीं घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी मुताबिक, 49 साल की नीलम मिड्ढ़ा (निवासी शक्ति नगर, गली नंबर-3) ने बताया कि वह 16 फरवरी शाम करीब 4:45 बजे अपने देवर अनिल मिड्ढ़ा के घर (मकान नंबर 84-सी, प्रेम नगर) मिलने गई थीं। वहां घर के बाहर बने रैंप पर दो कुत्ते सो रहे थे। वह सावधानी से मेन गेट खोलने लगीं, तभी उनका पैर फिसलने की आवाज से कुत्ते भड़क गए।

बैग छूते ही दोनों कुत्तों ने उसे खींच लिया, जिससे नीलम गिर पड़ीं। गिरते ही गली के अन्य 4-5 आवारा कुत्ते भी वहां पहुंच गए और उन पर हमला कर दिया। महिला ने शोर मचाया तो घर के अंदर से परिजन बाहर आए। उसी दौरान एक स्कूटी सवार भी वहां आ गया, जिससे कुत्ते भाग गए।
परिजन तुरंत महिला को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने बाएं हाथ और पैर पर घाव थे। प्राथमिक उपचार कर एंटी-रैबीज इंजेक्शन लगाया गया। वहीं पूर्व पार्षद कमल नारंग ने कहा कि प्रेम नगर क्षेत्र में बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते घूम रहे हैं और आए दिन हमले हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की।