फिरोजपुरः नेशनल हाईवे पर भीषण हादसे का मामला सामने आया है, जिसमें एक घोड़ा ट्राले ने कार को रौंद दिया। घटना में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, मोगा जिले के कोट-ईसे खां निवासी गुरचरण सिंह के बेटे बलवीर सिंह एक रागी ढाडी के तौर पर काम करते थे। आज सुबह जब वह अपने घर से फिरोजपुर में एक कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे थे, तो खाई फेमे के गांव के पास फिरोजपुर की तरफ से आ रहे एक घोड़ा ट्राले से हुई आमने-सामने की टक्कर में उनकी मौत हो गई।
परिवार वालों ने बताया कि ट्राला चालक एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वह उसे ओवरटेक नहीं कर पाया और उसने बलवीर सिंह की कार को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और बलवीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। कार के बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण बलवीर सिंह का शव कई घंटों तक कार में ही फंसा रहा, जिसे बाद में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए फिरोजपुर सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया गया। परिवार वालों ने ट्राला चालक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मौके पर पहुंची पुलिस का कहना है कि भीषण टक्कर के कारण कार पूरी तरह से पिचक गई थी। ट्रैक्टर की मदद से शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार है, जिसे जल्द ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, लोगों का कहना है कि कई बार यह मांग उठाई जा चुकी है कि इस सड़क पर ट्रैफिक बहुत ज्यादा रहता है। नेशनल हाईवे होने के कारण वाहनों की आवाजाही काफी बढ़ जाती है, जिसके चलते अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं और लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ती है। उन्होंने यह भी मांग की है कि इस नेशनल हाईवे को चौड़ा किया जाए।