दुर्गः भयानक सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। युवक स्कूटी से अपने घर जा रहा था, तभी रास्ते में एक तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान दुर्ग निवासी शुभम गुप्ता (37) के रूप में हुई है।
जानकारी मुताबिक, शुभम किसी काम से रायपुर गए थे और वहां से वापस दुर्ग लौट रहे थे। जैसे ही वे कुम्हारी क्षेत्र में पहुंचे, तभी यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रेलर भी रायपुर से दुर्ग की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्कूटी ट्रेलर की चपेट में आ गई। बताया जा रहा है कि स्कूटी सवार ट्रेलर के पिछले पहिए में फंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्कूटी काफी देर तक ट्रेलर के नीचे फंसी रही, जिसे बाद में पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
