भिवाड़ः टपूकड़ा के ढुल्ली की ढाणी के पास हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर बिजली ट्रांसफार्मर से टकराने का मामला सामने आया है। इस टक्कर के बाद कार में आग लग गई और ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
View this post on Instagram
जानकारी देते प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार की स्पीड बहुत तेज थी, जिससे कार बेकाबू होकर ट्रांसफार्मर के दोनों तरफ लगे बिजली के खंभों के बीच से गुजरते हुए टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रांसफार्मर का तेल जमीन पर फैल गया और बिजली की लाइनें टूट गईं। टक्कर के तुरंत बाद कार में तेजी से आग फैल गई और देखते ही देखते पूरी गाड़ी जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि कार में केवल चालक सवार था, जो समय रहते बाहर निकलने में सफल रहा और उसकी जान बच गई।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। उन्होंने तत्काल खुशखेड़ा फायर स्टेशन को सूचना दी। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में ट्रांसफार्मर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जलकर राख हुई कार किसकी थी। बिजली विभाग की टीम आज, गुरुवार को क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर की मुरम्मत का काम शुरू करेगी।
