नई दिल्लीः दिल्ली के लाल किले के पास हुए ब्लास्ट मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। मामले में गिरफ्तार डॉक्टर शाहीन को लेकर सुरक्षा एजेंसियों को बड़ा शक है। सूत्रों के मुताबिक, शाहीन हाल ही में अपना पासपोर्ट बनवाने की कोशिश कर रही थी। पुलिस ने उसके पासपोर्ट के लिए वेरिफिकेशन भी किया था। यही वजह है कि जांच एजेंसियों को आशंका है कि वह धमाके की साजिश के बाद विदेश भागने की फिराक में थी।
पुलिस वेरिफिकेशन के दौरान ली गई शाहीन की तस्वीर भी सामने आई है। एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि पासपोर्ट बनवाने के पीछे उसका मकसद क्या था और क्या यह धमाके की साजिश से जुड़ा हुआ है। दिल्ली के लाल किला के पास हुए आतंकी विस्फोट मामले में जैसे-जैसे जांच बढ़ती जा रही है। ‘सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल की असली सच्चाई भी सामने आ रही है।
डॉ. शाहीन सईद पर भारत में जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) की महिला भर्ती शाखा का हिस्सा होने का आरोप है। सूत्रों की माने तो जांचकर्ताओं को जैश के चीफ मसूद अजहर के भतीजे उमर फारूक की बीवी अफीरा बीबी और शाहीन सईद के बीच का कनेक्शन पता चला है। आरोप है कि अफीरा बीबी भारत में रह रही शाहीन के संपर्क में थी।
