मोहालीः एयरपोर्ट रोड स्थित गोपाल साबिर सनी एन्क्लेव के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब एक चलती कार में अचानक आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सड़क पर सामान्य रूप से चल रही थी कि तभी उसमें से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया।
View this post on Instagram
स्थिति को भांपते हुए ड्राइवर ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी को सड़क किनारे रोक दिया। जैसे ही उसने वाहन रोका, कुछ ही पलों में कार से तेज लपटें उठने लगीं। आग बढ़ती देख ड्राइवर ने बिना समय गंवाए गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई।
घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। वहीं, कई लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया था और वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो चुका था। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या इंजन में तकनीकी खराबी बताया जा रहा है। फिलहाल, संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटा हुआ है।