ऊना /सुशील पंडित: कुटलैहड़ क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो की ओर से 29 मार्च दिन रविवार को उपमंडल बंगाणा के होटल कर्ण राज में एक विशाल नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह चिकित्सा शिविर सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट द्वारा पीजीआई एमईआर एवं 32 मेडिकल कॉलेज, चंडीगढ़ के सहयोग से आयोजित किया जाएगा।
यह शिविर जिला ऊना के बंगाणा में होटल करण राज, एचडीएफसी बैंक के समीप आयोजित होगा, जिसमें सुबह 8:00 बजे से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पूर्व विधायक ने जानकारी देते हुए बताया कि इस चिकित्सा शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि कई बार आर्थिक तंगी और दूरी के कारण लोग बड़े अस्पतालों तक नहीं पहुंच पाते, जिससे उनकी बीमारियां बढ़ जाती हैं। ऐसे में इस तरह के नि:शुल्क चिकित्सा शिविर लोगों के लिए काफी लाभदायक सिद्ध होते हैं। भाजपा नेता ने बताया कि इस शिविर में पीजीआईएमईआर एवं 32 मेडिकल कॉलेज, चंडीगढ़ के अनुभवी एवं विशेषज्ञ डॉक्टर विभिन्न रोगों की जांच और परामर्श प्रदान करेंगे।
शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ, चर्म रोग विशेषज्ञ तथा नेत्र रोग विशेषज्ञ अपनी सेवाएं देंगे। इस के साथ ही जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क चश्मों का वितरण भी किया जाएगा। शिविर में आने वाले सभी लोगों के लिए लंगर सेवा की भी विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि दूर-दराज से आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि इस शिविर में प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. राज बहादुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे, जो हड्डी रोग विशेषज्ञ के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। उन्होंने कहा कि इस शिविर के माध्यम से क्षेत्र के बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने स्वास्थ्य की जांच अवश्य करवाएं। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़,सूरम सिंह ज्योति प्रकाश शर्मा सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
