दादी-पोते की मौत, 6 ने भागकर बचाई जान
लुधियानाः पंजाब के लुधियाना में भारत नगर चौक स्थित पेट्रोल पंप वाली गली में आज अचानक दो कोठियों में भीषण आग लग गई। घरों से धुआं निकलता देख लोगों ने शोर मचाया। इसमें परिवार के 2 सदस्यों के मरने की खबर सामने आई है। मरने वालों में एक बच्चा और एक बुजुर्ग बताया जा रहा है। ये दोनों रिश्ते में दादी-पोते थे। हालांकि 6 लोगों ने घर से भागकर जान बचाई। लोगों का कहना है कि कोठी में आग लगते ही सभी लोगों को निकाला गया, लेकिन 2 लोग फंसे रह गए, जिनकी धुएं में दम घुटने से मौत हो गई।
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शॉर्ट सर्किट से आग लगी है। लोगों ने आग बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन हालात बिगड़ते देख फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर आस-पास के घरों से भी लोगों को बाहर निकाला। फिलहाल, फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हुई हैं। आग की वजह से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, कोठी के मालिक रजत चोपड़ा ने फायर ब्रिगेड को बताया कि उनकी कोठी के नीचे हौजरी का माल धागा आदि रखा हुआ था। आग सबसे पहले धागे को लगी। आग अचानक पूरे ग्राउंड फ्लोर में फैली तो तुरंत परिवार ने चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि लोगों की मदद से परिवार के बाहर निकाला। आग इतनी भयावह थी कि उसने कोठी की पहली मंजिल तक चपेट में ले ली। हालांकि, जब फायर ब्रिगेड मौके पर आ गई तो कुछ दी देर बाद आग पर काबू पा लिया गया।
