करनाल: हरियाणा के करनाल जिले में रेलवे रोड स्थित मार कंपनी के स्टोर में शातिर चोर का मामला सामने आया है, जो अपनी विशेष रूप से तैयार की गई पोशाक की मदद से बड़े-बड़े डिपार्टमेंटल स्टोर्स को चूना लगा रहा था। इस चोर को कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। व्यक्ति पेंट के अंदर महंगा घी, शहद सहित अन्य सामान चोरी करता हुआ पकड़ा गया है। हैरानी की बात है कि यह चोर ऑस्ट्रेलिया से एक सप्ताह पहले ही आया और टूरिस्ट वीजा पर एक महीना आस्ट्रेलिया भी रह चुका है। लेकिन यह चोरी क्यों करता था, इसका कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया है।
स्टोर कर्मचारियों ने व्यक्ति की वीडियो बनाई है और सदर बाजार चौकी पुलिस को दी। आरोपी मोती नगर का रहने वाला अश्विनी उर्फ आशु भाटिया है। उसने बताया कि वह टूरिस्ट वीजा पर एक महीना ऑस्ट्रेलिया गया हुआ था। अब वह एक सप्ताह पहले ही आया है। जब आरोपी से चोरी के बारे में पूछा तो उसने कहा कि वक्त खराब चल रहा है, उसने कबूला की तीन बार उसने इस स्टोर से और एक बार मेरठ रोड स्थित एक स्टोर से चाय पत्ती का पैकेट चोरी किया था। वह वीडियो में अपनी गलती मान रहा है।
पकड़े गए आरोपी की चोरी करने का तरीका इतना शातिर था कि सामान्य नजरों से इसे पकड़ पाना नामुमकिन था। आरोपी ने अपनी पैंट के भीतर कई खुफिया जेबें और जगह बना रखी थी। जब वह स्टोर में ग्राहक बनकर दाखिल होता, तो मौका पाकर महंगे उत्पाद जैसे देशी घी के डिब्बे, शहद की बोतलें और अन्य कीमती ग्रोसरी आइटम अपनी पैंट के अंदर छिपा लेता था। पकड़े जाने के वक्त आरोपी के पास से करीब 2500 रुपये मूल्य का घी और 500 रुपये का शहद बरामद किया गया।
स्टोर के प्रबंधकों के अनुसार, पिछले कुछ समय से स्टॉक की गिनती में लगातार कमी आ रही थी। संदेह होने पर जब पुराने सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो यह युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि यह आरोपी अकेले इसी स्टोर में कम से कम तीन से चार बार चोरी की वारदात को अंजाम दे चुका था। मंगलवार को जब वह दोबारा चोरी के इरादे से स्टोर में दाखिल हुआ, तो पहले से सतर्क कर्मचारियों ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और स्टोर से बाहर निकलने से पहले ही उसे रोक लिया।
तलाशी के दौरान जब उसकी पैंट से एक के बाद एक सामान निकलने लगा, तो वहां मौजूद सभी लोग दंग रह गए। पूछताछ में यह भी अंदेशा जताया जा रहा है कि इस आरोपी ने शहर के अन्य कई शोरूम और स्टोर्स में भी इसी तरह की चोरियां की होंगी। स्टोर प्रबंधन ने तुरंत मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि शहर में हुई अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सके।
