श्री राम चरित मानस का अखंड पाठ, वेद मंत्रों से हवनयज्ञ
ऊना/सुशील पंडित: बंगाणा उपमंडल के अंतर्गत ठाकुरद्वारा मंदिर थानाखास में हनुमान जन्मोत्सव पर भव्य धार्मिक आयोजन का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रवासियों की भारी भागीदारी देखने को मिली। आयोजन की शुरुआत अखंड श्री राम चरित मानस पाठ से हुई, जो 24 घंटे तक चला। धार्मिक वातावरण में श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम के पावन चरित्र का श्रवण किया और भक्ति भाव से सराबोर हो गए। शनिवार को विधिवत रूप से हवन यज्ञ का आयोजन हुआ, जिसमें वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना संपन्न करवाई। इस दौरान पंचमुखी हनुमान जी की भव्य प्रतिमा का रुद्राभिषेक किया गया। रुद्राभिषेक में दूध, दही, शहद, घृत, गंगाजल और शुद्ध जल का प्रयोग किया गया। भक्तों ने विधिपूर्वक भगवान श्री हनुमान की आराधना की और मंगल कामनाएं की।
पूरे आयोजन में जिला परिषद सदस्य कृष्ण पाल शर्मा धर्म पत्नी रमा शर्मा के साथ मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने श्री हनुमान जी की प्रतिमा का पूजन कर पूजा-अर्चना में भाग लिया और क्षेत्रवासियों के कल्याण हेतु आशीर्वाद मांगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में एकजुटता और सांस्कृतिक मूल्यों की भावना जागृत होती है। पूजा-अर्चना और रुद्राभिषेक के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति ने पूरी व्यवस्था को सुचारु रूप से संभाला, जिसमें स्थानीय युवाओं और महिलाओं ने भी बढ़-चढ़ कर सहयोग किया। भंडारे में शुद्ध अमृत भोजन परोसा गया, जिसे श्रद्धालुओं ने बड़े श्रद्धाभाव से ग्रहण किया।इस अवसर पर ठाकुरद्वारा परिसर को सुंदर ढंग से सजाया गया था।
दीपमालाएं, फूलों की झालरें और भगवा ध्वजों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया था। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं ने पूरे आयोजन में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया, जिससे यह पर्व क्षेत्र के लिए एक यादगार दिन बन गया। श्री हनुमान जन्मोत्सव के इस आयोजन ने धार्मिक आस्था को नई ऊर्जा दी और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। जिला पार्षद कृष्ण पाल शर्मा एवं समिति के सभी आयोजन ने सभी श्रद्धालुओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपने संस्कारों से जोड़ने का अवसर मिलता है। ठाकुरद्वारा थानाखास का यह आयोजन न केवल धार्मिक बल्कि सामाजिक दृष्टि से भी अत्यंत सफल रहा। इस मौके पर मुख्य यजमान कृष्ण पाल शर्मा ,रमा शर्मा ,ओम प्रकाश शर्मा ,जुल्फी राम राणा, सूरम सिंह राणा ,रमेश राणा ,सीमा देवी, इंजीनियर राहुल शर्मा ,कुलदीप सिंह, मनोहर लाल ,राहुल शर्मा, अनिल ठाकुर, मंदरा देवी,संजय मनकोटिया, शमशेर सिंह ,कमलेश कुमारी के अलावा गांव वासी एवं सैकंडों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।